शिक्षा राज्य मंत्री ने ली विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक : वोकेशनल एजूकेशन पर गंभीर होकर करें अधिकारी कार्य, विभागीय योजनाओं का सभी स्तरों पर हो प्रभावी क्रियान्वयन - शिक्षा राज्य मंत्री
जयपुर, 26 अगस्त। शिक्षा राज्य मंत्री श्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विभागीय योजनाओं से संबंधित लम्बित कार्यों को त्वरित पूरा करें। उन्होंने वोकेशनल एजूकेशन के अंतर्गत प्लेसेमेंट एजेंसी को एमओयू के तहत भुगतान की कार्यवाही त्वरित करने के साथ ही प्रदेश में आईसीटी लैब से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सभी स्तरों पर अधिकारी सुनिश्चित करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
श्री डोटासरा बुधवार यहां शिक्षा संकुल में समग्र शिक्षा अभियान की विशेष समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर शिक्षा इस समय की सर्वाधिक प्राथमिकता है। कोरोना काल में ऑनलाईन शिक्षण के साथ ही विद्यार्थियों को ई-कन्टेट उपलब्ध कराने आदि में आईसीटी लैब की निकट भविष्य में भी विशेष भूमिका रहनी है। उन्होंने इस संबंध में आईसीटी लैब से संबंधित स्वीकृत राशि के समुचित उपयोग किए जाने और विद्यार्थी हित में योजनाओं को प्रभावी रूप में क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए हैं।
श्री डोटासरा ने समग्र शिक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की और कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के हित में शैक्षिक योजनाओं से संबंधित केन्द्र से प्राप्त राशि का समुचित सदुपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बिन्दुवार विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की अधिकारियों से रिपोर्ट ली तथा कहा कि शिक्षा का प्रभावी प्रसार हो, इसके लिए समग्र शिक्षा से संबधित योजनाओं को अधिकारी पूर्ण तत्परता से क्रियान्वित करें।
बैठक में समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक श्री बी.एल. मीणा ने विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारियों ने भाग लिया।

No comments